*समग्र शिक्षा के अंतर्गत प्रोजेक्ट बेस्ड लर्निंग (PBL) आधारित दो दिवसीय जनपद स्तरीय शिक्षक प्रशिक्षण 02 नवम्बर 2026 से प्रारम्भ*

*वेद प्रकाश श्रीवास्तव एडिटर इन चीफ *GENews. Network& youtube News Chainal
गाजीपुर, 29 अक्टूबर 2026।
राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप विद्यार्थियों में अनुभवात्मक अधिगम, रचनात्मकता, आलोचनात्मक चिंतन, समस्या समाधान तथा वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने के उद्देश्य से समग्र शिक्षा के अंतर्गत प्रोजेक्ट बेस्ड लर्निंग (PBL) आधारित दो दिवसीय जनपद स्तरीय शिक्षक प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। उक्त प्रशिक्षण कार्यक्रम दिनांक 02 नवम्बर 2026 से प्रारम्भ होगा।प्रोजेक्ट बेस्ड लर्निंग शिक्षण-अधिगम की एक प्रभावी प्रक्रिया है, जिसके माध्यम से विद्यार्थियों को वास्तविक जीवन की परिस्थितियों एवं समस्याओं पर आधारित परियोजनाओं के माध्यम से सीखने का अवसर मिलता है। इससे विद्यार्थियों के ज्ञान, कौशल, वैज्ञानिक दृष्टिकोण, टीमवर्क तथा संचार कौशल का विकास होता है।प्रशिक्षण के प्रमुख उद्देश्यों में विद्यार्थियों में अनुभवात्मक अधिगम को बढ़ावा देना, प्रश्न पूछने एवं समस्याओं के समाधान की क्षमता विकसित करना, अवलोकन, प्रयोग, सूचना-संग्रह, विश्लेषण एवं तार्किक चिंतन को प्रोत्साहित करना तथा उच्च स्तरीय चिंतन कौशल का विकास करना शामिल है।
राज्य परियोजना कार्यालय, समग्र शिक्षा द्वारा जारी निर्देशों के क्रम में जनपद स्तरीय प्रशिक्षण के प्रभावी संचालन हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। प्रशिक्षण में प्रतिभाग करने वाले शिक्षकों की सूची निर्धारित समयसीमा में उपलब्ध कराने, प्रशिक्षण सामग्री एवं स्टेशनरी की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा प्रशिक्षण कार्यक्रम का नियमित अनुश्रवण करने के निर्देश दिए गए हैं।प्रशिक्षण के दौरान शिक्षकों को परियोजना आधारित शिक्षण की विभिन्न गतिविधियों, पाठ योजनाओं एवं कक्षा-कक्ष में उनके प्रभावी क्रियान्वयन के संबंध में व्यावहारिक जानकारी प्रदान की जाएगी। इसके अतिरिक्त शिक्षकों को विद्यार्थियों के साथ परियोजना आधारित अभ्यास कार्य कराने के लिए भी प्रेरित किया जाएगा।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी उपासना रानी वर्मा ने बताया कि प्रशिक्षण कार्यक्रम को गुणवत्तापूर्ण एवं परिणामोन्मुखी बनाने के लिए संबंधित अधिकारियों द्वारा आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी। इसका उद्देश्य विद्यालयों में शिक्षण-अधिगम प्रक्रिया को अधिक प्रभावी, रुचिकर, व्यावहारिक एवं विद्यार्थी-केंद्रित बनाना है l






