
*काशी में सूर्य आराधना पर्व कार्तिक सूर्य षष्ठी के अवसर पर श्री काशी विश्वनाथ धाम स्थित द्रौपदादित्य सूर्यदेव की विशिष्ट आराधना ||*

*संतोष कुमार सिँह रिपोर्ट GR News network Varanas*i **
वाराणसी :- छठ महापर्व कार्तिक मास सूर्य षष्ठी की पूजा का पर्व कार्तिक शुक्ल पक्ष के षष्ठी को मनाया जाता है 7 नवम्बर 2024 गुरुवार को काशी विश्वनाथ धाम में सूर्योपासना के अनुपम पर्व कार्तिक सूर्य षष्ठी (छठ पूजा) के पावन अवसर पर विशेष पूजन संपन्न हुआ | काशी के द्वादश प्रधान आदित्यों में से एक द्रौपदादित्य श्री काशी विश्वनाथ धाम में स्थापित हैं श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास द्वारा संकल्पित समस्त सनातन पर्व उत्सव आयोजन के संकल्प को आज भी सुनिश्चित किया गया | श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास के मुख्य कार्यपालक अधिकारी विश्व भूषण द्वारा आज के विशिष्ट भास्कर पर्व पर रुद्र धाम में आदित्य देव की विधिपूर्वक पूजा अर्चना हेतु समस्त आवश्यक शास्त्रीय एवं लोकाचार सुनिश्चित करने हेतु प्रबंध सुनिश्चित किए गए | शास्त्रीय आराधना के क्रम में आज भगवान द्रौपदादित्य विग्रह के समक्ष आदित्यहृदय स्तोत्र का पाठ किया गया | भगवान दिवाकर के आशीर्वाद से समृद्धि, स्वास्थ्य और सुख की प्राप्ति होती है |
आज के इस पावन पर्व के लोक प्रचलित स्वरूप का भी आयोजन प्रतीकात्मक रूप से न्यास द्वारा किया गया यह संज्ञान में आया कि श्री काशी विश्वनाथ मंदिर विशिष्ट क्षेत्र प्राधिकरण में कार्यरत डिप्टी कलेक्टर श्री शम्भू शरण के परिवार में पारिवारिक परंपरा के अंतर्गत लोक पर्व छठ को मनाया जाता है | अतः मुख्य कार्यपालक अधिकारी द्वारा लोक पर्व की परंपरा हेतु न्यास के प्रतिनिधि याजक की भूमिका निर्वाह हेतु डिप्टी कलेक्टर श्री शंभू शरण से अनुरोध किया गया डिप्टी कलेक्टर श्री शंभू शरण ने यह अनुरोध सहर्ष स्वीकार किया |
याजक की भूमिका में श्री शंभू शरण ने सपत्नीक व्रत एवं पूजन का पारंपरिक तरीके से निर्वहन करते हुए सायंकालीन अस्ताचल सूर्य देव का विशिष्ट लोकपर्व की परंपरा के अनुसार श्री विश्वेश्वर के ज्योतिर्लिंग धाम में पूजन किया | न्यास द्वारा समस्त सनातन पर्वों के आयोजन द्वारा काशी सहित पूर्वांचल की भी विशिष्ट क्षेत्रीय संस्कृति और सनातन परंपराओं का विशेष रूप से संरक्षण किया जा रहा है इस विशेष अवसर पर सूर्य देव से सभी की जीवन में सुख,समृद्धि और शांति की कामना की गई | इसके साथ ही न्यास के प्रबंधन में आने वाले संकटहरण हनुमान मंदिर बेनीपुर में विशाल स्तर पर स्थानीय काशीवासी श्रद्धालुओं की सहभागिता में सामूहिक लोकपर्व छठ का सोल्लास समारोहपूर्वक आयोजन किया गया | न्यास के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी निखिलेश कुमार एवं नायब तहसीलदार मिनी एल शेखर की देखरेख में आयोजित इस लोक उत्सव के सामूहिक आयोजन से मंदिर परिसर सूर्योपासना के मधुर लोक गीतों से गुंजित हो उठा |
पर्यावरण संरक्षण के साथ ही साथ प्रकृति के प्रति कृतज्ञता दर्शित करने की इस अनूठी परंपरा को आत्मसात करते हुए अंगीकृत कर श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास सभी सनातन आस्था के अनुयायियों के अखण्ड सौभाग्य की कामना करता है ||








