
पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती पर कांग्रेसजनों ने मनाया बाल दिवस, आधुनिक भारत के निर्माण में उनके अतुलनीय योगदान को किया याद

G R News Network Editor In Chief Ved Prakash Srivastava
गाजीपुर। भारत के प्रथम प्रधानमंत्री, महान स्वतंत्रता सेनानी, प्रखर राष्ट्रवादी, दूरदर्शी राजनेता, महान चिंतक एवं विद्वान पंडित जवाहरलाल नेहरू जी की जयंती के अवसर पर शनिवार को जिला कांग्रेस कमेटी के कैंप कार्यालय सकलेनाबाद में बाल दिवस श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाया गया। इस अवसर पर कांग्रेसजनों ने पंडित नेहरू जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा उनके व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डाला।
वक्ताओं ने कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू केवल देश के प्रथम प्रधानमंत्री ही नहीं, बल्कि एक असाधारण प्रतिभा के धनी, गहन अध्ययनशील लेखक, इतिहास और विश्व राजनीति के जानकार तथा आधुनिक भारत की कल्पना को साकार करने वाले दूरदर्शी राष्ट्रनिर्माता थे। उनकी शिक्षा कैम्ब्रिज विश्वविद्यालय और इनर टेंपल, लंदन में हुई थी। उनकी बौद्धिक क्षमता, वैज्ञानिक दृष्टिकोण, लोकतांत्रिक विचारधारा और अंतरराष्ट्रीय समझ ने भारतीय राजनीति एवं राष्ट्र निर्माण को नई दिशा प्रदान की।
नेहरू जी ने स्वतंत्रता आंदोलन में महात्मा गांधी के नेतृत्व में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और देश की आजादी के लिए लंबे समय तक संघर्ष किया। प्रधानमंत्री के रूप में उन्होंने देश में वैज्ञानिक अनुसंधान, उच्च शिक्षा, औद्योगिक विकास, कृषि एवं तकनीकी प्रगति को बढ़ावा दिया। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी), अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), वैज्ञानिक अनुसंधान संस्थानों तथा बड़े सार्वजनिक उपक्रमों के विकास को प्रोत्साहन देकर उन्होंने आधुनिक भारत की मजबूत आधारशिला तैयार करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
नेहरू जी एक महान साहित्यकार भी थे। उनकी प्रसिद्ध पुस्तकें ‘डिस्कवरी ऑफ इंडिया’, ‘ग्लिम्प्सेज ऑफ वर्ल्ड हिस्ट्री’ और ‘एन ऑटोबायोग्राफी’ आज भी इतिहास, राजनीति और समाज को समझने के महत्वपूर्ण स्रोत मानी जाती हैं। बच्चों के प्रति उनके विशेष प्रेम और स्नेह के कारण बच्चे उन्हें प्यार से ‘चाचा नेहरू’ कहते थे। उनका मानना था कि आज के बच्चे ही कल के भारत का निर्माण करेंगे। इसी भावना के सम्मान में उनकी जयंती 14 नवंबर को पूरे देश में बाल दिवस के रूप में मनाई जाती है।
जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुनील राम ने कहा कि पंडित नेहरू जी का जीवन त्याग, संघर्ष, ज्ञान और राष्ट्रसेवा का प्रतीक है। उन्होंने देश को वैज्ञानिक सोच, धर्मनिरपेक्षता, लोकतांत्रिक व्यवस्था और आधुनिक विकास की दिशा में आगे बढ़ाने का कार्य किया। उनके विचार आज भी देश की प्रगति के लिए मार्गदर्शक हैं।
शहर अध्यक्ष संदीप विश्वकर्मा एवं एआईसीसी सदस्य रविकांत राय ने संयुक्त रूप से कहा कि नेहरू जी का व्यक्तित्व बहुआयामी था। वे एक कुशल प्रशासक होने के साथ-साथ गंभीर विचारक, इतिहासकार और संवेदनशील लेखक भी थे। उन्होंने भारत को विश्व पटल पर एक नई पहचान दिलाने तथा लोकतांत्रिक संस्थाओं को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
पूर्व जिला अध्यक्ष डॉक्टर मारकंडेय सिंह एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता अजय सिंह ने संयुक्त रूप से कहा कि पंडित नेहरू जी का बच्चों के प्रति प्रेम केवल भावनात्मक नहीं था, बल्कि वे बच्चों को शिक्षित, संस्कारित, आत्मनिर्भर और वैज्ञानिक सोच से परिपूर्ण देखना चाहते थे। बाल दिवस हमें प्रत्येक बच्चे को समान अवसर, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर भविष्य देने की जिम्मेदारी का एहसास कराता है।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित कांग्रेसजनों ने पंडित जवाहरलाल नेहरू जी के आदर्शों, विचारों और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को आगे बढ़ाने तथा देश की एकता, अखंडता, लोकतांत्रिक मूल्यों और सामाजिक सद्भाव की रक्षा करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से लाल साहब यादव अजय कुमार श्रीवास्तव ज्ञान प्रकाश सिंह चंद्रिका सिंह राजीव सिंह हामिद अली राजेश गुप्ता आशुतोष गुप्ता अयूब राशिद ताहिर अब्बासी जे पी पांडे विनोद सिंह मुसाफिर बिन्द आदि लोग उपस्थित रहे।
भवदीय
अजय कुमार श्रीवास्तव पीसीसी सदस्य, प्रवक्ता- जिला कांग्रेस कमेटी गाज़ीपुर






