गाजीपुर छह हजार रुपये मानदेय, फिर भी सार्वजनिक शौचालय की निगरानी पर सवाल! चकमहताब की रायपुर होरिल बनवासी बस्ती में केयर टेकर की कार्यप्रणाली को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी, दूसरे व्यक्ति की नियुक्ति की उठी मांग

G R News Network Editor In Chief Ved Prakash Srivastava
गाजीपुर। मनिहारी विकास खण्ड अंतर्गत ग्राम पंचायत चकमहताब के रायपुर होरिल बनवासी बस्ती में बने सार्वजनिक शौचालय की देखरेख और नियमित साफ-सफाई को लेकर सवाल खड़े होने लगे हैं। शौचालय की साफ-सफाई और निगरानी की जिम्मेदारी केयर टेकर माला देवी को सौंपी गई है, जिन्हें इसके एवज में प्रतिमाह छह हजार रुपये मानदेय दिए जाने की बात बताई जा रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि केयर टेकर के आने-जाने का कोई निर्धारित समय दिखाई नहीं देता। उनका कहना है कि सार्वजनिक शौचालय की नियमित साफ-सफाई और निगरानी समय से होनी चाहिए, ताकि ग्रामीणों को इसका लाभ मिल सके। वहीं, जब इस संबंध में केयर टेकर माला देवी से बात की गई तो उन्होंने बताया कि वह सुबह छह बजे शौचालय पर पहुंचती हैं और साफ-सफाई का कार्य करती हैं। हालांकि, केयर टेकर के बताए गए समय और सरकारी दिशा-निर्देशों के तहत निर्धारित संचालन व्यवस्था को लेकर स्थिति स्पष्ट होना बाकी है। ऐसे में शौचालय के संचालन, साफ-सफाई और केयर टेकर की नियमित उपस्थिति की जांच जरूरी मानी जा रही है। ग्रामीणों के बीच अब सार्वजनिक शौचालय पर किसी अन्य व्यक्ति को केयर टेकर नियुक्त करने की मांग तेज हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि ऐसे व्यक्ति की जिम्मेदारी तय की जाए, जो नियमित रूप से निर्धारित समय पर उपस्थित रहकर शौचालय की साफ-सफाई और निगरानी सुनिश्चित कर सके। अब सवाल यह है कि छह हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय के बावजूद सार्वजनिक शौचालय की नियमित व्यवस्था की निगरानी कौन करेगा? क्या संबंधित विभाग इस मामले का स्थलीय निरीक्षण कर वास्तविक स्थिति स्पष्ट करेगा?





