
भेलूपुर क्षेत्र मे तेज धमाके के साथ फटा गैस सिलिंडर, एक घायल*

GRNews Network Brodcast centre editor in chief ved Parkash Srivastava
वाराणसी। भेलूपुर थाना क्षेत्र के शुकुलपुरा स्थित हनुमान मंदिर के पास मंगलवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब एक कमरे में अचानक तेज धमाके के साथ गैस सिलिंडर फट गया। धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के लोग घबराकर मौके की ओर दौड़ पड़े। हादसे में एक व्यक्ति झुलस गया।
जानकारी के अनुसार रामनरेश सोनकर का एक हाता है, जिसमें 70 से ज्यादा परिवार किराए पर कमरा लेकर रहते हैं। हाता के दूसरे तल पर स्थित किरायेदार कल्लू अपने परिवार के सात सदस्यों के साथ रहता है। घटना के समय कमरे में कल्लू का बड़ा बेटा सूरज मौजूद था। इसी दौरान अचानक सिलिंडर में आग लग गई। जिससे घबरा कर सूरज कमरा छोड़ कर भाग गया।
वहीं आग लगने की सूचना पर हाता में रहने वाले सतवंत पहुंचे और आग बुझाने लगे। इस दौरान अचानक सिलिंडर में विस्फोट हो गया। जिससे कमरे की टिन की छत फट गई और सिलिंडर करीब 100 मीटर दूर जा गिरा। हादसे में सतवंत पुत्र तेजबली सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया।स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तत्काल निजी अस्पताल भेजा गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस और फायर ब्रिगेड पहुंची और आग को बुझाने में जुट गई। आग लगने की सूचना पर कल्लू और उनकी पत्नी पहुंची तो दोनो का रो- रोकर बुरा हाल हो गया। कल्लू दुर्गाकुंड इलाके में दाना बेचता है और उसकी पत्नी घरों में काम कर जीवनयापन करती है।








