
*जिला पंचायत बैठक में लिया गया ऐतिहासिक निर्णय, गाजीपुर को स्मार्ट सिटी योजना में शामिल करने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से हुआ पारित*…….

GRNews Network editor in chief Ved prakash Srivastava
गाजीपुर ।
जिला पंचायत की सामान्य बैठक शनिवार को जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह की अध्यक्षता में शांतिपूर्ण एवं सार्थक वातावरण में संपन्न हुई ।
इस बैठक में जनपद के विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा के बाद वित्तीय वर्ष 2025-26 के पुनरीक्षित बजट एवं 2026-27 के मूल बजट को सर्वसम्मति से अनुमोदन प्रदान किया गया। बैठक की सबसे बड़ी उपलब्धि के रूप में गाजीपुर शहर को स्मार्ट सिटी योजना में शामिल करने के प्रस्ताव को भी हरी झंडी दी गई, जिससे जिले के समग्र विकास की नई संभावनाएं खुलेंगी ।
अपर मुख्य अधिकारी की अनुमति से बैठक की कार्यवाही प्रारंभ हुई । सदस्यों द्वारा वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए 11 करोड़ 78 लाख 34 हजार 654 रुपये की अनुमानित आय तथा 1 अरब 15 करोड़ 24 लाख 42 हजार 19 रुपये के व्यय वाले पुनरीक्षित बजट को मंजूरी दी गई। वहीं, वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 81 करोड़ 14 लाख 63 हजार 135 रुपये की आय और 79 करोड़ 29 लाख 98 हजार 200 रुपये के व्यय वाले मूल बजट का भी अनुमोदन किया गया।
बैठक के दौरान शिक्षा, सड़क, बिजली, स्वास्थ्य सहित विभिन्न विभागों के विकास कार्यों की गहन समीक्षा की गई। जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाई गई जनसमस्याओं पर संबंधित विभागीय अधिकारियों ने बिंदुवार समाधान प्रस्तुत किया, जिस पर सदस्यों ने संतोष व्यक्त किया
इस अवसर पर जमानिया विधायक ओमप्रकाश सिंह द्वारा प्रस्तुत गाजीपुर शहर को स्मार्ट सिटी योजना में शामिल करने का प्रस्ताव सदन में रखा गया, जिसे सभी सदस्यों ने एकमत होकर स्वीकार किया। प्रस्ताव के पारित होने से शहर में आधारभूत ढांचे के सुदृढ़ीकरण, आधुनिक सुविधाओं के विस्तार और नागरिक सेवाओं में सुधार की उम्मीद जताई जा रही है ।
इस बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह के अलावा जमानिया विधायक ओमप्रकाश सिंह, सदर विधायक जै किशन साहू, जंगीपुर विधायक डॉ. वीरेंद्र यादव, मन्नू सिंह, फेकू यादव, बसंत सिंह यादव, आकाश सिंह यादव, नरेंद्र यादव, नरेंद्र राव, शशि प्रकाश सिंह, अभय प्रकाश सिंह, शैलेंद्र सिंह, श्रीमती रेखा भट्ट, महेश यादव, निशा यादव, अजय कुमार सहित बड़ी संख्या में जिला पंचायत सदस्य उपस्थित रहे ।
अंत में जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह ने सभी उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए बैठक की कार्यवाही समाप्त करने की घोषणा की। बैठक के निर्णयों को जनपद के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है ।








