
*गाज़ीपुर कटरिया कांड में सियासी हलचल तेज, मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने पीड़ित परिवार को मुख्यमंत्री का दिया 5लाख का चेक सौंपा*

GRNews Brodcast centre editor in chief ved Parkash Srivastava
गाज़ीपुर – करंडा क्षेत्र स्थित कटरिया गांव में नाबालिग निशा विश्वकर्मा की मौत के मामले ने अब सियासी रंग ले लिया है। शनिवार को पंचायती राज मंत्री ओमप्रकाश राजभर पीड़ित परिवार से मिलने गांव पहुंचे और सरकार की ओर से सहायता प्रदान की। उन्होंने मुख्यमंत्री द्वारा भेजा गया ₹5 लाख का चेक परिवार को सौंपा। साथ ही, खेती के लिए डेढ़ बीघा जमीन के पट्टे के कागजात और रहने के लिए मुख्यमंत्री आवास योजना का पत्र भी दिया।
इस घटना के बाद से जिला लगातार सुर्खियों में बना हुआ है। इससे पहले समाजवादी पार्टी (सपा) का एक प्रतिनिधिमंडल गांव पहुंचा था, जहां ग्रामीणों के विरोध का सामना करना पड़ा। इस दौरान दोनों पक्षों में तनाव बढ़ गया और ईंट-पत्थर चलने की घटना भी हुई, जिसमें सपा नेताओं और पुलिसकर्मियों सहित कई लोग घायल हो गए। मामले में कई मुकदमे दर्ज किए गए और युवा सपा नेता सत्येंद्र यादव ‘सत्या’ सहित दर्जनभर लोगों की गिरफ्तारी भी हो चुकी है।
पुलिस ने इस मामले में एक अन्य आरोपी हरिओम पांडेय को भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इसी बीच 29 अप्रैल को सपा प्रमुख अखिलेश यादव के गांव आने की खबर सामने आई थी। इससे पहले ही 25 अप्रैल की शाम ओमप्रकाश राजभर का गांव पहुंचना राजनीतिक रूप से एक अहम कदम माना जा रहा है। घटना को लेकर इलाके में तनाव और राजनीतिक गतिविधियां लगातार बढ़ रही है








