
विकसित भारत 2047′ थीम पर परिषदीय विद्यालयों में सजीं* *आकर्षक रंगोलियां, बच्चों ने बनाई भारत के नक्शे की भव्य मानव श्रृंखला*

*GRNews Network &YouTube news chainal editor in chief Ved prakash Srivastava
गाज़ीपुर 05 अक्टूबर 2026 (सू0वि0)- बेसिक शिक्षा विभाग, गाज़ीपुर के तत्वावधान में आज जनपद के सभी 16 विकास खंडों एवं नगर क्षेत्र के परिषदीय व कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों (KGBV) में ‘मेरे सपनों का भारत’ अभियान के अंतर्गत ‘विकसित भारत 2047’ थीम पर विविध रचनात्मक एवं जागरूकता कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया गया। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने आकर्षक रंगोलियां सजाकर और भारत के मानचित्र के आकार में मानव श्रृंखला बनाकर राष्ट्र निर्माण का सशक्त संदेश दिया।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, गाज़ीपुर के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य नौनिहालों में राष्ट्रीय एकता, वैज्ञानिक दृष्टिकोण, पर्यावरण संरक्षण और आत्मनिर्भर भारत की परिकल्पना को विकसित करना रहा।
*छात्रों ने रंगों से उकेरा भविष्य का भारत*
विद्यालय परिसरों में आयोजित प्रतियोगिता में बच्चों ने अपनी कल्पनाशक्ति का परिचय देते हुए रंगों, फूलों एवं प्राकृतिक सामग्रियों की मदद से मनमोहक रंगोलियां बनाईं। रंगोलियों के माध्यम से इसरो के अंतरिक्ष मिशन, डिजिटल इंडिया, नवीकरणीय ऊर्जा, आधुनिक कृषि प्रणाली तथा ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ जैसे विषयों को प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया।
*भारत के नक्शे की मानव श्रृंखला बनी आकर्षण का केंद्र*
प्रत्येक ब्लॉक के प्रमुख विद्यालयों में छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने मिलकर भारत के भौगोलिक मानचित्र के आकार में भव्य मानव श्रृंखला का निर्माण किया। हाथ में तिरंगा थामे और देशभक्ति नारों का उद्घोष करते बच्चों की ऊर्जा देखते ही बन रही थी। इसके माध्यम से ‘विविधता में एकता’ और वर्ष 2047 तक भारत को विश्व गुरु व विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प दोहराया गया।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि परिषदीय विद्यालयों के बच्चों में अपार प्रतिभा है। ‘मेरे सपनों का भारत’ जैसे आयोजन विद्यार्थियों में न केवल रचनात्मकता का संचार करते हैं, बल्कि उन्हें देश के प्रति उनकी जिम्मेदारियों का भी बोध कराते हैं।
इस अवसर पर संबंधित खंड शिक्षा अधिकारी (BEO), शिक्षक संकुल, प्रधानाध्यापक, सहायक अध्यापक एवं ग्राम शिक्षा समिति के सदस्य उपस्थित रहे। विकास खंड स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को विद्यालय स्तर पर पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।







