
*परमवीर चक्र विजेता वीर अब्दुल हमीद बलिदान दिवस समारोह* *परमवीर चक्र विजेता वीर अब्दुल हमीद के बलिदान दिवस समारोह में वीरता, शौर्य एवदेशभक्ति को किया याद

GR news network& youtube chainal editor in chief Ved prakash Srivastava
गाजीपुर 10 सितम्बर, 2026 (सू0वि0)- परमवीर चक्र विजेता शहीद वीर अब्दुल हमीद के बलिदान दिवस के अवसर पर धामूपुर, गाजीपुर में भव्य बलिदान दिवस समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में मा0 केन्द्रीय गृह राज्य मंत्री श्री नित्यानन्द राय जी ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने के उपरान्त उन्होंने परमवीर चक्र विजेता शहीद वीर अब्दुल हमीद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की तथा देश के लिए उनके सर्वाेच्च बलिदान को नमन किया।
कार्यक्रम के दौरान मा0 केन्द्रीय गृह राज्य मंत्री जी को गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान किया गया। उन्होंने शहीद वीर अब्दुल हमीद की वीरता, साहस और देशभक्ति को याद करते हुए उनके आदर्शों से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।
इस अवसर पर परमवीर चक्र एवं अन्य वीरता पुरस्कारों से सम्मानित वीर सैनिकों एवं उनके परिजनों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने वीर जवानों के त्याग, शौर्य एवं राष्ट्र सेवा को नमन करते हुए देश की एकता और अखंडता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
समारोह में विद्यालयों के बच्चों एवं युवाओं द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियां दी गईं। बच्चियों द्वारा देशभक्ति गीत, गायन एवं नृत्य की प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों ने शहीद वीर अब्दुल हमीद के अदम्य साहस एवं देशभक्ति का संदेश प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम के दौरान परमवीर चक्र विजेता सूबेदार मेजर योगेन्द्र सिंह यादव ने भी शहीद वीर अब्दुल हमीद की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने वीर अब्दुल हमीद की वीरता एवं अदम्य साहस को नमन करते हुए युवाओं से राष्ट्रहित में समर्पण एवं अनुशासन की भावना के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। पूरे कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति एवं राष्ट्रप्रेम का वातावरण बना रहा। शहीद वीर अब्दुल हमीद का जीवन और उनका सर्वाेच्च बलिदान देश की युवा पीढ़ी के लिए सदैव प्रेरणा का स्रोत रहेगा। उन्होंने 1965 के भारत-पाक युद्ध में अदम्य साहस और वीरता का परिचय देते हुए राष्ट्र की रक्षा के लिए अपना सर्वाेच्च बलिदान दिया। उनके शौर्य की स्मृति देशवासियों के हृदय में सदैव जीवित रहेगी। समारोह में जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला, जनप्रतिनिधिगण, प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी, सेना के वीर जवान, वीरता पुरस्कार से सम्मानित सैनिक एवं उनके परिजन तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।







