
जिलाधिकारी की अध्यक्षता में नगर निकाय की बैठक में विकास कार्यों एवं जनसुविधाओं की समीक्षा

**GRNews Network YouTube news chainal editor in chief Ved prakash Srivastava
गाजीपुर 21 अगस्त, 2026 (सू0वि0)- जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार, गाजीपुर में नगर निकायों से संबंधित विकास कार्यों एवं जनसुविधाओं की समीक्षा हेतु बैठक संपन्न हुई। बैठक में जनपद के नगर पालिका परिषद एवं नगर पंचायतों में संचालित विभिन्न विकास कार्यों, साफ-सफाई व्यवस्था, जल निकासी, पेयजल आपूर्ति, प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य नागरिक सुविधाओं की बिंदुवार समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने नगर निकायों में साफ-सफाई व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नगरीय क्षेत्रों में नियमित रूप से सफाई कराई जाए तथा कूड़ा-कचरा निर्धारित स्थानों पर ही एकत्रित एवं निस्तारित किया जाए। जलभराव की समस्या वाले क्षेत्रों को चिन्हित कर जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में पेयजल आपूर्ति की स्थिति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि नागरिकों को निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराया जाए। खराब हैंडपंप, पाइपलाइन एवं अन्य जलापूर्ति संबंधी समस्याओं का तत्काल निस्तारण कराया जाए। उन्होंने नगर क्षेत्रों में स्ट्रीट लाइटों की स्थिति की जानकारी लेते हुए खराब प्रकाश व्यवस्था को शीघ्र दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने नगर निकायों में चल रहे निर्माण एवं विकास कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप एवं समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराए जाएं तथा कार्यों की नियमित निगरानी की जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित की जिम्मेदारी निर्धारित की जाएगी। जिलाधिकारी ने सम्बन्धित अधिकारी को निर्देशित किया कि चिन्हित कर स्थानो पर खेल मैदान में ओपेन जीम तथा पूर्व मे संचालित हो या उचित स्थान चिन्हित कर डिजीटल लाइब्रेरी निर्माण किया जाय। गाजीपुर शहर में प्रवेश मार्ग पर उचित लाईट की व्यवस्था की जाय।
उन्होंने कर वसूली की भी समीक्षा करते हुए राजस्व बढ़ाने के लिए निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छता, पथ प्रकाश, नाली निर्माण, सड़क मरम्मत सहित जनहित से जुड़ी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया। जिलाधिकारी ने कहा कि नगर निकायों का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना है। अधिकारी एवं कर्मचारी अपने दायित्वों का पूरी जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ निर्वहन करें तथा आमजन की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित करें। बैठक में संबंधित नगर निकायों के अधिकारी, अधिशासी अधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
…………………………………………..
जिला सूचना कार्यालय द्वारा प्रचारित।








