
बसपा विधायक उमाशंकर सिंह का निधन, पूर्व मंत्री ओमप्रकाश सिंह ने जताया शोक

G R News network editor in chief ved Parkash Srivastava
गाजीपुर/बलिया। बलिया जिले की रसड़ा विधानसभा सीट से बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के विधायक एवं उत्तर प्रदेश विधानसभा में पार्टी के इकलौते विधायक उमाशंकर सिंह का बुधवार शाम लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। वह कैंसर से पीड़ित थे और लंबे समय से उपचाराधीन थे। उनके निधन से पूर्वांचल में शोक की लहर दौड़ गई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, बसपा प्रमुख मायावती, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव सहित विभिन्न दलों के नेताओं ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।
गाजीपुर के जमानिया विधायक एवं पूर्व मंत्री ओमप्रकाश सिंह ने सोशल मीडिया पर शोक संदेश जारी करते हुए कहा कि उमाशंकर सिंह के निधन का समाचार अत्यंत दुखद और स्तब्ध करने वाला है। उन्होंने कहा कि उमाशंकर सिंह केवल जनप्रतिनिधि नहीं, बल्कि गरीब, शोषित, वंचित और कमजोर वर्गों की बुलंद आवाज थे। उन्होंने सदन से लेकर समाज तक हमेशा आम जनता के अधिकारों के लिए संघर्ष किया। ओमप्रकाश सिंह ने कहा कि उनके निधन से प्रदेश ने जनसेवा और सामाजिक न्याय के प्रति समर्पित एक कर्मठ जननेता को खो दिया है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिवार और समर्थकों को इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की।








