
बेटी की हत्या के आरोप में मां को पुलिस ने किया गिरफ्तार*। *पहले गांव के युवक पर लगाया था आरोप, पुलिस जांच में सच्चाई आई सामने*

GRNews Network &Brodcast centre editor in chief ved Parkash Srivastava
गाजीपुर : भुड़कुड़ा थाना क्षेत्र के घटारो गांव में युवती की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए उसकी मां को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार यह मामला ऑनर किलिंग का है, जिसमें बदनामी के डर से मां ने अपनी ही बेटी को जहर देकर मौत के घाट उतार दिया।
पुलिस के मुताबिक, 21 जून को युवती की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उसकी मौत हो गई थी। घटना के बाद मृतका की मां ने गांव के एक युवक पर बेटी को जहर देने का आरोप लगाया था। हालांकि मामले की गहन जांच और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपों को गलत पाया।
जांच में सामने आया कि मृतका पहले भी कई बार घर से चली गई थी। करीब डेढ़ माह पहले वह एक युवक के साथ घर छोड़कर चली गई थी। घटना वाले दिन जब युवती वापस घर लौटी तो उसकी इस हरकत से नाराज मां ने कथित तौर पर खाने में जहर मिलाकर उसे खिला दिया। जहर खाने के बाद युवती की तबीयत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई।
पुलिस का कहना है कि परिवार की बदनामी के भय से मां ने इस वारदात को अंजाम दिया और शक से बचने के लिए गांव के एक युवक पर झूठा आरोप लगा दिया। जांच के दौरान मिले साक्ष्यों और पूछताछ में मामले का खुलासा होने के बाद पुलिस ने आरोपी मां को बेटी की हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।







