
गाजीपुर: होटल मालिक विनीत राय की गोली मारकर हत्या, तीन नामजद के खिलाफ मुकदमा दर्ज*

GRNews Network & Brodcast centre editor in chief ved Parkash Srivastava
गाजीपुर। शहर कोतवाली के फुल्लनपुर फत्तेहपुर सिंकदर स्थित एक होटल के बाहर संचालक विनीत राय (26) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। तीन बाइक सवार हमलावरों ने शुक्रवार की रात करीब 11 बजे वारदात को अंजाम दिया। इसके बाद हत्यारोपी मौके से भाग गए। होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष पिता आलोक राय डब्लू की तहरीर पर पुलिस ने तीन नामजद और कुछ अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। इधर, शनिवार की सुबह वाराणसी जोन के एडीजी पियूष मोर्डिया और एसपी डॉ. ईरज राजा ने घटना स्थल पर पहुंचकर छानबीन शुरू कर दी। अष्टभुजी कॉलोनी निवासी व होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष आलोक राय डब्लू ने बताया कि फुल्लनपुर फत्तेहपुर सिंकदर में होटल संचालित होता है। बड़ा पुत्र विनीत राय और छोटा पुत्र आदर्श राय ही होटल की देखरेख और संचालन करते हैं। दोनों पुत्र होटल पर ही थे। बड़ा पुत्र विनीत राय घर जाने के लिए होटल से जैसे ही बाहर निकला गेट पर घात लगाए हत्यारों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। गोली विनीत के पेट, सीने और बांह पर जा लगी। गोली लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देकर हत्यारोपी भाग गए। एसपी डॉ. ईरज राजा ने बताया कि परिजनों से बातचीत और छानबीन में पता चला कि पूर्व की रंजीश को लेकर हत्यारोपियों ने वारदात को अंजाम दिया है। मृतक विनीत राय के पिता आलोक राय डब्लू ने शंकर पांडेय सहित तीन के खिलाफ नामजद और कुछ अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी गई है। एसपी डॉ. ईरज राजा ने बताया कि हत्याकांड में शामिल नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की चार टीम गठित की गई है। चारों टीम बिहार व उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों में लगातार दबिश दे रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।








