गाज़ीपुर 06 नवम्बर 2026. अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) वेद सिंह चौहान ने प्रेस प्रतिनिधियों के साथ प्रेसवार्ता कर जनपद वासियों को जनगणना के संबंध में अवगत कराया।

G R News Network Editor In Chief Ved Prakash Srivastava
गाज़ीपुर 06 नवम्बर 2026. अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) वेद सिंह चौहान ने प्रेस प्रतिनिधियों के साथ प्रेसवार्ता कर जनपद वासियों को जनगणना के संबंध में अवगत कराया।
उन्होंने बताया कि जनपद मे जनगणना का कार्य दो चरणों में सम्पन्न कराया जाएगा। दिनांक 16 नवम्बर से 30 नवम्बर तक जनपदवासी स्वयं ऑनलाइन माध्यम से अपनी स्वगणना कर सकते हैं। इसके लिए जनगणना की साइट पर जाकर फॉर्म भरना होगा। फॉर्म में कुल 40 प्रश्न पूछे जाएंगे। फॉर्म भरने के उपरान्त एक आईडी प्राप्त होगी, जिसे सुरक्षित रखना होगा।
उन्होंने बताया कि दिनांक 01 दिसम्बर से 05 जनवरी तक प्रगणक घर-घर जाकर जनगणना का कार्य करेंगे। जिन परिवारों द्वारा स्वगणना कर ली गई है, वे प्रगणक को अपनी आईडी बता देंगे। इससे उनकी पूर्व में भरी गई जानकारी खुल जाएगी, जिसे प्रगणक सत्यापित कर सबमिट कर देंगे।
अपर जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनगणना में दी गई जानकारी पूर्ण रूप से गोपनीय रखी जाएगी। इसका उपयोग किसी भी प्रकार के साक्ष्य के रूप में नहीं किया जाएगा। जनगणना के दौरान किसी भी प्रकार के दस्तावेज की छायाप्रति नहीं मांगी जाएगी तथा दी गई जानकारी के संबंध में कोई औचित्य भी नहीं पूछा जाएगा। आधार नंबर बताने पर उसे ही अंकित कर लिया जाएगा।
अंत में उन्होंने जनपद के समस्त नागरिकों से अपील की कि वे निर्भय होकर सही-सही जानकारी दें तथा जनगणना कार्य में सहयोग प्रदान करें।





