
*गाजीपुर में कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुनील राम हाउस अरेस्ट, मुख्यमंत्री से मिलकर देना चाहते थे पत्रक*

GRNews Network Brodcast center editor in chief Ved Prakash Srivastava
गाजीपुर, 24 जून 2025
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गाजीपुर दौरे के दिन जिले की सियासत गरमा गई है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और जिला अध्यक्ष सुनील राम ने आरोप लगाया है कि उन्हें गाजीपुर पुलिस ने हाउस अरेस्ट कर लिया है। उनका कहना है कि वे मुख्यमंत्री से मिलकर जिले की ज्वलंत समस्याओं को उठाना चाहते थे, लेकिन सरकार ने उनकी आवाज को दबाने की कोशिश की है।
सुनील राम ने कहा, तानाशाह सरकार समझ गई है कि हम गाजीपुर की समस्याओं को लेकर आवाज उठाने वाले हैं, इसलिए उन्होंने मुझे घर पर ही अरेस्ट कर लिया है। यह तानाशाही का प्रतीक है और लोकतंत्र की हत्या है।”
उन्होंने बताया कि वे मुख्यमंत्री के सामने भ्रष्टाचार, बिजली कटौती, जर्जर सड़कें, व्यापारियों और किसानों की परेशानियां जैसे मुद्दे उठाना चाहते थे।
कांग्रेस नेता ने जोर देकर कहा कि उनकी मांगों में शामिल हैं:
*गाजीपुर में विश्वविद्यालय की स्थापना*
*चोचकपुर में गंगा नदी पर सेतु पुल का निर्माण*
*नंदगंज चीनी मिल का पुनः संचालन*
*बहादुरगंज की कताई मिल को फिर से शुरू कराना*
सुनील राम ने वीडियो जारी कर कहा, हमारी आवाज को दबाया नहीं जा सकता। हम गाजीपुर की जनता की समस्याओं को लेकर संघर्ष करते रहेंगे और न्याय की लड़ाई लड़ते रहेंगे।”
इस घटनाक्रम के बाद जिले की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। कांग्रेस पार्टी ने सरकार पर लोकतंत्र को कुचलने का आरोप लगाया है और जल्द ही इस मुद्दे पर आंदोलन की चेतावनी दी है।








