
_*पुस्तक समीक्षा*_ _*माँ की ममता को रेखांकित करती कलम -राजीव कुमार ओझा*_

G R News Network Editor In Chief Ved Prakash Srivastava
किसी रचनाधर्मी के लिए उसकी प्रथम कृति के प्रकाशन का सपना साकार होने से उसे मिलने वाली खुशी को लिपिबद्ध करना आसान नहीं। उन्नाव निवासिनी श्रीमती छाया त्रिपाठी ने विधि महाविद्यालय में अध्यापन की व्यस्तता के बीच अपने मनोभावों को काव्य विधा में सृजित किया। उनके प्रथम काव्य संकलन माँ का ऑंचल का प्रकाशन ड्रीम पब्लिशर कोलकाता ने किया है। अपनी दिवंगत माँ श्रीमती गिरजा त्रिपाठी की पुण्य स्मृति को समर्पित अपनी प्रथम कृति में कवयित्री ने ३५ चुनिंदा रचनाएं शामिल की हैं।
इस काव्य संकलन में कवयित्री की कल्पना और जिंदगी की अनुभूतियों ,संस्कारों की सुन्दर शब्द शिल्प में सृजित कविताओं झलक मिलती है। श्रीमती छाया त्रिपाठी ने इस संकलन में आध्यात्मिक ,पारिवारिक ,सामाजिक ,राष्ट्र प्रेम की पृष्ठभूमि पर सहज ,सरल तरीके से बेहतरीन रचनाएं सृजित की है जो पाठकों पर अपनी छाप छोड़ेगी।
माँ का ऑंचल शीर्षक आमुख कविता में कवयित्री ने हमारे जीवन में माँ के महात्म्य को रेखांकित किया है –
हर मुश्किल ,हर बाधा में
मुझको दिखता बस
प्यार भरा वो माँ का आँचल
दुनिया की तेज हवाओं से
जब भी मैं लाचार हुई
हर कठिनाई से मुझको उबारे
प्यार भरा वो माँ का आँचल।।
बचपन की स्मृतियों से पाठकों का साक्षात्कार कराती है मेरे बचपन की दुनिया कविता की ये पंक्तियाँ –
काश फिर मिल जाए
वो बचपन की दुनिया…..
यादें बचपन की भूलती नहीं
कितने सुन्दर थे वो दिन भी
सिर्फ उंगली जोड़ने से
रूठे दोस्त मान जाते थे।।
नारी शक्ति पर केंद्रित कविता -नारी तू कब अबला थी ?महिलाओं को सकारात्मक सन्देश देती है –
नारी तू कब अबला थी
क्या तुमको अपना बल याद नहीं
तू ही तो थी जिसने
बन सावित्री यमराज से
पति प्राणों को जीता था।।
माँ का ऑंचल शीर्षक से ही शामिल एक और कविता को शामिल कर कवयित्री को शीर्षक पुनरावृत्ति से बचना चाहिए था। इस कविता में माँ के ममतामयी आँचल की छाँव को खुबसुरती से अभिव्यक्ति प्रदान की है –
आँचल तेरा अनमोल था मैय्या
नहीं इसका कोई मोल रुपैय्या
मेरी खुशियों की भूल भुलैय्या
कड़ी धूप तू छाँव थी मैय्या ।।
रिश्तों के विद्रूपता भरे आज के सामाजिक सच को कवयित्री ने बेबाक अंदाज में अपनी कविता -रंग बदलते लोग में अनावृत्त किया है –
इंसान ही इंसान का दुश्मन बन बैठा
इसके दिल में कुछ ,दिमाग में कुछ
और बोलते कुछ
फायदा हो इनका तो
किसी भी रिश्ते की बलि दे आए…..
देश के मान सम्मान के लिए अपने प्राण की आहुति देने वाले माँ भारती के अमर सपूत की माँ के सम्मान में कवयित्री की भावनात्मक रचना -ओ वीर सपूत की जननी की ये पंक्तियाँ हर संवेदनशील पाठक की आँखें नम करेंगी –
ओ वीर सपूत की जननी
देश की रक्षा के लिए
अपने अरमान ,प्यार ,ममता
सब कुछ अपने आँचल में बाँध लिया
आँखें नम पर हँस के
लाल को विदा दी
देश पर सर्वस्व न्योछावर करने वाली
माँ तुमको नमन …..
कवयित्री जिस शिक्षण धर्म से जुड़ी हैं उनका वह किरदार रिश्तों की दुनिया शीर्षक कविता में प्रतिबिंबित होता है-
कुछ रिश्ते ऐसे भी
जिनके होने का दुःख
हो समक्ष तो मन खिन्न
ह्रदय विचलित और उदास
जिनका हिय भरा कपट की चालों से
ऐसे अपनों से तो बैरी भले …..
लैंगिक विषमता पर केंद्रित कविता -हाँ मैं नारी हूँ में कवयित्री ने पुरुषवादी मानसिकता को वैदुष्य भरे अंदाज आईना दिखाया है –
हाँ मैं नारी हूँ ,पर नहीं विचारी हूँ
तूफानों में पाली बढ़ी,अपना पथ स्वयं बनाया मैंने
नर से विपरीत मिली धरा मुझको
पर विचलित नहीं हुई मैं
करते हो मुझसे समता की बातें तुम
पर क्या समता कर पाओगे…..
पाठक,संपादक,समीक्षक की नजर से मैंने बहुत मनोयोग से माँ का आँचल को पढ़ा। मैं इस निष्कर्ष पर पहुंचा की यह काव्य संकलन शब्द शिल्प ,भाषा ,भाव ,अभिव्यक्ति ,सम्प्रेषण और बोधगम्यता की कसौटी पर एक बेहतरीन कृति है,पाठकों पर अपनी छाप छोड़ेगा । प्रथम कृति में कवयित्री ने अपने वैदुष्य की सर्वोत्तम प्रस्तुति दी है उसके आलोक में मैं कह सकता हूँ की साहित्य सृजन की अनंत संभावनाएं छाया त्रिपाठी के किरदार में समाहित हैं।प्रथम कृति में बेहतरीन प्रदर्शन के लिए कवयित्री को साधुवाद।







