
मिर्जापुर में 3 वर्षीय मासूम से दरिंदगी: 50 वर्षीय आरोपी बचाऊ को पुलिस ने दबोचा, पॉक्सो एक्ट के तहत भेजा जेल

G R News Network Editor In Chief Ved Prakash Srivastava
उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर स्थित अदलहाट थाना क्षेत्र के एक गांव में मानवता को शर्मसार कर देने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है। दोपहर के समय घर के बाहर खेल रही एक तीन वर्षीय मासूम बच्ची को दाना खिलाने के बहाने बुलाकर 50 वर्षीय अधेड़ ने दुष्कर्म की घिनौनी वारदात को अंजाम दिया। बच्ची की चीख-पुकार सुनकर परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे और तत्काल पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही डायल 112 और स्थानीय पुलिस ने बिना देरी किए मौके पर पहुंचकर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बचाऊ को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने पीड़ित मासूम को चिकित्सीय परीक्षण के लिए जिला महिला चिकित्सालय भेजा। मां की तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म और पॉक्सो (POCSO) एक्ट समेत कई अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज करते हुए उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।








