
डीएम ने नगरवासियों से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील, अराजक तत्वों को सख्त चेतावनी

G R News Network editor in chief Ved prakash Srivastava
जमानियां (गाजीपुर)। नवरात्रि और दशहरा पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के उद्देश्य से सोमवार की शाम जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला और पुलिस अधीक्षक विनय सिंह के नेतृत्व में पुलिस बल ने नगर क्षेत्र में रूट मार्च निकाला। रूट मार्च कोतवाली से शुरू होकर ब्लॉक तिराहा होते हुए नगर स्थित बलुआ घाट तक पहुंचा। इस दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
रूट मार्च के दौरान अधिकारियों ने नगरवासियों से त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने तथा क्षेत्र में शांति, सौहार्द और आपसी भाईचारा बनाए रखने की अपील की। साथ ही किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान नहीं देने और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की बात कही।
अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिया कि त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों और अराजकता फैलाने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस प्रशासन की ओर से संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मियों को मुस्तैद रहने के निर्देश दिए गए।रूट मार्च के माध्यम से प्रशासन ने आमजन को सुरक्षा का भरोसा दिलाते हुए स्पष्ट संदेश दिया कि नवरात्रि और दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।इस मौके पर एसडीएम निधि,सीओ अंकित तिवारी,कोतवाल योगेंद्र सिंह,चेयरमैन जयप्रकाश गुप्ता,रोहित शर्मा,अनिल गुप्ता आदि रहे।







