
*मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे को लेकर कांग्रेस का विरोध पदयात्रा*।

*सतीश कुमार वर्मा ब्यूरो चीफ GRNews Network & YouTube news chainal*
वाराणसी। जिला एवं महानगर कांग्रेस कमेटी के संयुक्त नेतृत्व में गुरुवार को मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर विरोध पदयात्रा निकाली गई। पदयात्रा मैदागिन स्थित राजीव गांधी की प्रतिमा से प्रारंभ होकर लहुराबीर स्थित आजाद पार्क होते हुए क्वीन्स कॉलेज के मुख्य द्वार तक पहुंची, यहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने क्वीन्स कॉलेज के मुख्य द्वार पर माँ गंगा के जल का छिड़काव कर शुद्धीकरण कर अपना विरोध दर्ज कराया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने क्वीन्स कॉलेज, वाराणसी से शिक्षा प्राप्त की है। जिस काशी और जिस शिक्षण संस्थान ने उन्हें शिक्षा और संस्कार दिए, आज उन्हीं के कार्यों को लेकर काशी और क्वीन्स कॉलेज की प्रतिष्ठा पर सवाल उठ रहे हैं। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र में जनता का वोट उसकी सबसे बड़ी ताकत है और मताधिकार से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ लोकतांत्रिक व्यवस्था पर सीधा आघात है। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता, निष्पक्षता और जवाबदेही सुनिश्चित करने तथा मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर जोरदार नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं ने कहा कि जब तक ज्ञानेश कुमार इस्तीफा नहीं देते, कांग्रेस का विरोध जारी रहेगा। महानगर अध्यक्ष राघवेन्द्र चौबे ने कहा कि देश में लोकतांत्रिक संस्थाओं की निष्पक्षता को लेकर लगातार गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। जनता के मताधिकार की रक्षा करना प्रत्येक लोकतंत्रवादी नागरिक का कर्तव्य है। यदि चुनाव प्रक्रिया को लेकर जनता के मन में संदेह पैदा होता है तो यह लोकतंत्र के लिए बेहद चिंताजनक स्थिति है। नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और प्रियंका गांधी दिल्ली की सड़कों पर लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष की आवाज को दबाने के लिए गिरफ्तारियां की जा रही हैं और विपक्षी नेताओं के साथ दुर्व्यवहार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह केवल कांग्रेस पार्टी का विषय नहीं, बल्कि देश के लोकतांत्रिक भविष्य से जुड़ा गंभीर सवाल है। पदयात्रा में मुख्य रूप से जिलाध्यक्ष राजेश्वर सिंह पटेल, सजीव सिंह, गुलशन अली, फ़साहत हुसैन, वकील अंसारी, प्रवीण प्रकाश, सुनील श्रीवास्तव, विनोद सिंह, रमजान अली, राजीव राम, वीरेन्द्र कपूर, संतोष चौरसिया, अनुराधा यादव, पूनम विश्वकर्मा, अनिल पटेल, सतेन्द्र तिवारी, रंजना गुप्ता, मृत्युंजय सोनकर, आशुतोष पाण्डेय, मिठुन सरकार, कुँवर बबलू बिंद, किशन यादव, आंनद चौबे, रोशन श्रीवास्तव, रोहित दुबे, किशन यादव, रामजी गुप्ता समेत सैकड़ो लोग शामिल रहे।








