
*गहमर स्टेशन पर हाईमास्ट तिरंगा लगाने की मांग* **पूर्व सैनिक सेवा समिति ने डीआरएम दानापुर को भेजा पत्र, कहा ,सैन्य परंपरा और देशभक्ति की भावना को मिलेगा सम्मान**

GRNews Network YouTube news chainal editor in chief ved Parkash Srivastava
गहमर (गाजीपुर) : एशिया के बड़े गांवों में शुमार गहमर के रेलवे स्टेशन परिसर में विशाल हाईमास्ट राष्ट्रीय ध्वज (तिरंगा) स्थापित करने की मांग उठी है। पूर्व सैनिक सेवा समिति गहमर परिक्षेत्र ने इस संबंध में मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम), पूर्व मध्य रेलवे, दानापुर मंडल को पत्र भेजकर स्टेशन परिसर में भव्य तिरंगा लगाने की मांग की है।
सामाजिक कार्यकर्ता सुधीर सिंह गहमरी के नेतृत्व में भेजे गए पत्र में समिति ने कहा कि गहमर देश के प्रमुख सैन्य बहुल क्षेत्रों में शामिल है। यहां बड़ी संख्या में युवा भारतीय थल सेना, नौसेना और वायुसेना में सेवा दे रहे हैं। क्षेत्र में करीब 15 हजार से अधिक पूर्व सैनिकों और वीर नारियों के परिवार रहते हैं। सैन्य सेवा और राष्ट्रभक्ति की लंबी परंपरा के कारण गहमर की देशभर में अलग पहचान है।
समिति ने बताया कि गहमर रेलवे स्टेशन क्षेत्र का प्रमुख प्रवेश द्वार है। यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में सैनिक, पूर्व सैनिक, उनके परिजन और आम यात्री आवागमन करते हैं। ऐसे में स्टेशन परिसर में विशाल हाईमास्ट तिरंगा स्थापित होने से गहमर कीबी सैन्य विरासत और राष्ट्रसेवा की भावना को नई पहचान मिलेगी।
पत्र में कहा गया है कि स्टेशन परिसर में लहराता भव्य तिरंगा युवाओं को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करने के साथ ही यहां से गुजरने वाले यात्रियों में देश के प्रति सम्मान और गौरव की भावना को भी मजबूत करेगा। समिति ने डीआरएम दानापुर से पूर्व सैनिकों और वीर नारियों के योगदान के सम्मान में गहमर स्टेशन पर हाईमास्ट तिरंगा स्थापित कराने की मांग की है








