*बारा गांव में बिजली कटौती से परेशान ग्रामीणों का प्रदर्शनः 5 केवीए ट्रांसफार्मर की जगह 10 केवीए की मांग, रात भर जागे ग्रामीण

**GRNews Network editor in chief Ved Prakash Srivastava
गाज़ीपुर गहमर कोतवाली क्षेत्र के बारा गांव में बिजली की लगातार कटौती से ग्रामीण परेशान हैं। गर्मी की शुरुआत के साथ ही बिजली विभाग की लापरवाही सामने आने लगी है। कल रात गर्मी के मौसम में बिजली की ट्रिपिंग और घंटों की कटौती से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। ग्रामीणों को रात भर नींद नहीं आई।
समाजसेवी शाहनवाज खान, विनोद यादव और आकिब खान सहित कई ग्रामीणों ने ट्रांसफार्मर की क्षमता 5 केवीए से बढ़ाकर 10 केवीए करने की मांग की है। ग्रामीणों की शिकायत है कि 11000 वोल्ट की लाइन का तार लगातार टूटने की समस्या बनी रहती है।
बिजली विभाग के कर्मचारियों का कहना है कि ट्रांसफॉर्मर ओवरलोड होने से गर्म हो जाता है। इसलिए एक घंटे के अंतराल पर बिजली आपूर्ति करनी पड़ती है। बारा स्थित विद्युत उपकेंद्र के एसएसओ कैलाश यादव ने बताया कि उन्होंने पहले ही विभाग को ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाने के लिए सूचित कर दिया है।


















