
मॉडल बनाकर बच्चों ने प्रतिभा को दिखाया

गाजीपुर (ब्यूरो) : जमानियां तहसील हरपुर स्थित डिवाइन ग्लोबल स्कूल में मंगलवार को 7 वां स्थापना दिवस पर भव्य विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इस प्रदर्शनी में विद्यालय के कक्षा 1 से 11 तक के छात्रों ने भाग लेकर विज्ञान और तकनीक पर आधारित एक से बढ़कर एक मॉडल प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा को दिया।बच्चों के मॉडल को देख लोगों ने खूब सराहा। विद्यालय के चेयरमैन डॉ. रामउग्रह यादव और विशिष्ट अतिथि अश्वनी कुमार ने दीप प्रज्वलित कर प्रदर्शनी का शुभारंभ किया। छात्रों ने रेडार सिस्टम, विंड मिल, ट्रैफिक सिस्टम, फाइटर प्लेन मूवमेंट, स्मार्ट सिटी, ज्वालामुखी (वल्कैनो), सोलर सिस्टम और प्रदूषण नियंत्रण जैसे आकर्षक विज्ञान मॉडल प्रस्तुत किए। इनमें से रेडार सिस्टम को लोगों ने विशेष रूप से सराहा।
विद्यालय के प्रबंधक प्रकाश यादव ने छात्रों के नवाचार की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह उनकी रचनात्मकता और वैज्ञानिक सोच को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजनों से बच्चों की प्रतिभा को निखारने का अवसर मिलता है। विशिष्ट अतिथि अश्वनी कुमार ने कहा कि तकनीक और विज्ञान के प्रति छात्रों की रुचि को बढ़ावा देने के लिए ऐसी प्रदर्शनियों का आयोजन जरूरी है। विद्यालय की प्रधानाचार्या प्रियंका सरस्वती ने अतिथियों और अभिभावकों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर एकेडमिक हेड रितु यादव, प्रमोद कुमार, गौसिया खान, संजय कुमार, आकाशदीप, सोनाली जायसवाल, आनंद तिवारी, रवि सिंह, खुशबू सिंह, विजेश, निजिया खातून और शांति समेत अन्य लोग रहे।


















