
*शत प्रतिशत मतदान के लिए सामूहिक हनुमान चालीसा में जुटेंगे एक लाख लोग- गोपाल शर्मा **

G R News
एडिटर इन चीफ वेद प्रकाश श्रीवास्तव
वाराणसी। 22 मई,। वाराणसी में शत प्रतिशत मतदान के लिए मतदाता जागृति अभियान के अंतर्गत विराट सामूहिक हनुमान चालीसा का आगामी 25 मई को सर्व समाज, काशी की ओर से दशाश्वमेध घाट, राजेंद्र प्रसाद घाट पर भव्य आयोजन होने जा रहा हैं। उक्त कार्यक्रम के मुख्य संयोजक स्वातंत्र्य समर स्मृति संस्थान के राष्ट्रीय समन्वयक और विधायक गोपाल शर्मा ने बुधवार को आयोजित प्रेसवार्ता में जानकारी दी।
गोपाल शर्मा ने बताया कि राष्ट्रहित से जुड़े इस आयोजन में जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी वासुदेवानंद सरस्वती का सान्निध्य प्राप्त होगा तथा देश के महान स्वतंत्रता सेनानियों के निकटतम परिजनों की उपस्थिति से समाज में देशभक्ति का संदेश जाएगा। अमर शहीद मंगल पांडे के प्रपौत्र रघुनाथ पांडेय, वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई की छठी पीढ़ी के वंशज योगेश झांसीवाले और शहीद भगत सिंह के भतीजे किरणजीत सिंह सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ में मौजूद रहेंगे।
उन्होंने कहा कि सर्व समाज के गणमान्य प्रतिनिधियों के रूप में संत कबीर मठ मूलगादी के उत्तराधिकारी महंत प्रमोद दास, संत रविदास जन्मस्थली के महंत भारत भूषण महाराज, काशी के डोम राजा ओम चौधरी की भी गरिमामयी उपस्थिति रहेगी, साथ ही सुप्रसिद्ध कवयित्री अनामिका जैन अंबर अपने गीतों से मतदाताओं को जागरूक करेंगी।
गोपाल शर्मा ने कहा कि वाराणसी हर कालखंड में राष्ट्र जागरण का केंद्र रहा है। विश्व की सांस्कृतिक राजधानी के रूप में इस नगरी ने हमेशा धर्मनिष्ठा और सामाजिक सौहार्द की प्रेरणा दी है।

















