
शाहनिंद पीर का 723 वां सालाना उर्स धूमधाम के साथ सम्पन्न, सच्चे मन से मन्नतें मांगने वालों की मन्नत जरूर होती है पूरी

रिपोर्ट- वसीम रज़ा
मुहम्मदाबाद/गाज़ीपुर। नगर के शाह निंदा स्थित हजरत शाहनिंद पीर गाजी रहमतुल्लाह अलैह का 723 वां सालाना उर्स शुक्रवार को पूरी अकीदत के साथ धूमधाम से मनाया गया। कई जनपदो से आये जायरिनो ने बाबा के मजार पर मत्था टेक कर मन्नते माॅगी।
नगर के शाहनिन्दा स्थित शाहनिन्द पीर की मजार पर सुबह बाद नमाज फजर कुरानख्वानी हुई और उसके बाद जायरीनो के शाहनिंद पीर की मजार पर आने का क्रम शुरू हुआ तो देर तक चलता रहा । दोपहर मे मिलादुन्नबी व शाम को चादरपोशी हुई। उर्स के दिन पूरे क्षेत्र में मेला लगा रहा जिसमें महिलाओं एवं बच्चो ने जमकर खरीदारी किया। सुबह से शाम तक भारी संख्या में लोगो की भीड़ मजार पर मत्था टेकने के लिए पहुंची जिसे नियंत्रित करने के लिए पुलिस के साथ आयोजन समिति के वालेंटियरो को काफी मशक्कत करनी पड़ी। उर्दू की 11 रजब को प्रति वर्ष मनाये जाने वाले इस उर्स में आसपास के जनपदो गाजीपुर, मउ, आजमगढ़, बलिया, वाराणसी, चंदौली एवं बिहार से भी भारी संख्या में जायरीन यहां पहुंचते है। ऐसी मान्यता है कि शाहनिंद पीर की मजार पर सच्चे मन से मन्नत मांगने वालो की मन्नत जरूर पूरी होती है। पुर्व विधायक सपा प्रत्याशी शिबगतुल्लाह अंसारी, नपा के पूर्व चेयरमैन शमीम अहमद, ताबीस अकरम, मोहम्मद शकील सहित भारी संख्या में जायरीनो ने मजार पर मत्था टेका एवं दुआख्वानी की। आयोजन समिति के सदस्य जमील उद्दीन अहमद उर्फ जूल्लू, कुर्बान राईनी, अनवर राईनी वकार अहमद वसीम शकील अहमद आदि लोग उर्स को सफल बनाने में पूरे मनोयोग से लगे रहे।