
**पत्रकारों की पहचान के लिए यूनिक आईडी की व्यवस्था का सुझाव* * **जर्नलिस्ट काउंसिल ऑफ इंडिया की वर्चुअल मासिक बैठक में पत्रकार हितों पर हुई चर्चा*

*GRNews Network & youtube News Chainal* editor in chief Ved prakash Srivastava
प्रयागराज। जर्नलिस्ट काउंसिल ऑफ इंडिया की वर्चुअल मासिक बैठक में पत्रकारों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई। बैठक में संगठन के पदाधिकारियों और पत्रकारों ने अपने विचार रखते हुए पत्रकार हितों के लिए एकजुट होकर कार्य करने पर जोर दिया।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अनुराग सक्सेना ने बताया कि संगठन की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक सुझाव पत्र भेजा गया है। इसमें पत्रकारों के हितों के साथ देशभर में कार्यरत पत्रकारों की पहचान सुनिश्चित करने का सुझाव दिया गया है।
उन्होंने कहा कि एमसीआई और बीसीआई की तर्ज पर पीसीआई अथवा किसी अन्य उपयुक्त व्यवस्था के माध्यम से देश में कार्यरत पत्रकारों का विवरण एक पोर्टल पर दर्ज किया जा सकता है। प्रत्येक पत्रकार को यूनिक आईडी नंबर दिए जाने से उनकी पहचान सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी। उनका कहना था कि धरना-प्रदर्शन या अन्य संवेदनशील परिस्थितियों में इससे पत्रकारों को अपने कार्य के दौरान सुरक्षा और पहचान संबंधी सुविधा मिल सकती है।
बैठक में विभिन्न राज्यो के पत्रकार शामिल हुए। उत्तर प्रदेश से बी. त्रिपाठी, संजय सिंह, राजस्थान से राजू चारण,मध्यप्रदेश से दिनेश दसौंधी हरिशंकर पाराशर,मईन अख्तर, बिहार से पिंटू कुमार,चंडीगढ से आर एल शर्मा और नीरज श्रीवास्तव सहित अन्य पत्रकारों ने इस सुझाव पर अपने विचार रखे। वक्ताओं ने कहा कि पत्रकारों का व्यवस्थित आंकड़ा उपलब्ध होने से सरकार को देश में कार्यरत पत्रकारों की संख्या और उनकी आवश्यकताओं की जानकारी मिल सकेगी, जिससे पत्रकार हित में योजनाएं बनाने में सुविधा होगी।
बैठक का संचालन करते हुए राष्ट्रीय संयोजक डॉ. आर.सी. श्रीवास्तव ने पत्रकारों से संगठन के प्रति जिम्मेदारी और समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पत्रकारों से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के आधार पर उठाने के साथ संगठन द्वारा सौंपी गई जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन किया जाना चाहिए।
अंत में डॉ. आर.सी. श्रीवास्तव ने बैठक में बड़ी संख्या में शामिल हुए पदाधिकारियों एवं पत्रकारों के प्रति आभार व्यक्त किया।







