
**रकसहा में दिलदारनगर-जमानियां पुलिस की भैंस चोरों से मुठभेड़* **गोली लगने से एक बदमाश घायल, चार साथी गिरफ्तार; तमंचा-कारतूस, पिकअप, स्कॉर्पियो, चोरी की भैंस और 62 हजार रुपये बरामद

*GRNews Network & YouTube news chainal editor in chief Ved prakash Srivastava
दिलदारनगर (गाजीपुर) : रकसहा कांशीराम आवास योजना के पास गुरुवार रात दिलदारनगर और जमानियां पुलिस की संयुक्त टीम की शातिर भैंस चोर गिरोह से मुठभेड़ हो गई। पुलिस के अनुसार, बदमाशों ने घेराबंदी के दौरान पुलिस टीम पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में बिहार निवासी रामकुमार नट (25) के दाहिने पैर में गोली लग गई। उसे उपचार के लिए सीएचसी भदौरा भेजा गया। पुलिस ने मौके से उसके चार साथियों को भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, थानाध्यक्ष दिलदारनगर संतोष कुमार राय और प्रभारी निरीक्षक जमानियां योगेंद्र सिंह अपनी टीम के साथ रात में गश्त कर रहे थे। फुल्ली मोड़ के पास मुखबिर से सूचना मिली कि रकसहा कांशीराम आवास योजना में कुछ संदिग्ध भैंस चोर मौजूद हैं। टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस का दावा है कि खुद को घिरा देखकर बदमाशों ने पुलिस टीम पर निशाना साधकर फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें रामकुमार घायल हो गया।
गिरफ्तार आरोपियों में रामकुमार नट और बिमेलश नट निवासी बेलहरी, कैमूर (बिहार), रिफान शेख निवासी पहाड़िया, वाराणसी, शबी हैदर उर्फ गुड्डू निवासी मुगलसराय और मु. आरिफ निवासी कांशीराम आवास, मुगलसराय शामिल हैं।
पुलिस ने मौके से .315 बोर का तमंचा, एक खोखा व एक जिंदा कारतूस, पिकअप, स्कॉर्पियो, चोरी की एक भैंस और 62 हजार रुपये नकद बरामद किए। पुलिस ने मुठभेड़ और बरामदगी के संबंध में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।








