
जनगणना 2027 के प्रपत्र में ओबीसी वर्ग का कॉलम जोड़ने की मांग, राष्ट्रपति को भेजा ज्ञापन*

GRNews Network & YouTube news chainal editor in chief Ved prakash Srivastava
गाज़ीपुर।जिला पिछड़ा वर्ग कांग्रेस कमेटी, गाजीपुर के जिलाध्यक्ष शंभू सिंह कुशवाहा के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं ने जनगणना 2027 के प्रपत्र में अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) का अलग कॉलम जोड़ने तथा पहले से मौजूद जातियों की ड्रॉपडाउन सूची प्रमाणक के माध्यम से नागरिकों को उपलब्ध कराने की मांग को लेकर महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से प्रेषित किया।
ज्ञापन में कहा गया कि देश में पिछड़े वर्गों की वास्तविक सामाजिक, शैक्षिक, राजनीतिक और आर्थिक स्थिति का आकलन करने के लिए जातिगत जनगणना अत्यंत आवश्यक है। ओबीसी वर्ग की सही जनसंख्या और उसकी सामाजिक स्थिति का आंकड़ा उपलब्ध होने से आरक्षण, शिक्षा, रोजगार तथा कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उचित अनुपात में सुनिश्चित किया जा सकेगा।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि बिहार और तेलंगाना जैसे राज्यों में जातिगत सर्वेक्षण एवं जनगणना के माध्यम से सामाजिक आंकड़े जुटाने की पहल की गई है। इसी प्रकार केंद्र सरकार को भी जनगणना 2027 में ओबीसी वर्ग का कॉलम जोड़कर जातिगत आंकड़े एकत्र करने चाहिए। ज्ञापन में मांग की गई कि नागरिकों को अपनी जाति की सही जानकारी दर्ज कराने के लिए प्रमाणित ड्रॉपडाउन सूची उपलब्ध कराई जाए, ताकि आंकड़ों में त्रुटि की संभावना कम हो।
जिला पिछड़ा वर्ग कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष शंभू सिंह कुशवाहा ने कहा कि देश की आबादी में पिछड़े वर्गों की बड़ी हिस्सेदारी है, लेकिन उनकी वास्तविक सामाजिक और आर्थिक स्थिति का समुचित आंकड़ा आज भी उपलब्ध नहीं है। जनगणना 2027 में ओबीसी का कॉलम नहीं जोड़ना पिछड़े वर्गों के साथ न्याय नहीं होगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी सामाजिक न्याय और समान अवसर की पक्षधर है तथा जातिगत जनगणना के माध्यम से पिछड़े वर्गों को उनका अधिकार दिलाने के लिए संघर्ष करती रहेगी।
जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुनील राम ने कहा कि जातिगत जनगणना केवल आंकड़े जुटाने का विषय नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय और संवैधानिक अधिकारों से जुड़ा महत्वपूर्ण मुद्दा है। पिछड़े वर्गों की वास्तविक संख्या और उनकी आवश्यकताओं का पता चलने पर ही सरकार उनके लिए प्रभावी नीतियां बना सकती है। उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की कि जनगणना 2027 में ओबीसी का अलग कॉलम जोड़ने की मांग को स्वीकार किया जाए।
शहर अध्यक्ष संदीप विश्वकर्मा एवं एआईसीसी सदस्य रविकांत राय ने संयुक्त रूप से कहा कि
पिछड़े वर्गों को शिक्षा, रोजगार और सरकारी योजनाओं में उनकी जनसंख्या के अनुरूप अवसर मिलना चाहिए। इसके लिए जातिगत जनगणना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी सामाजिक समानता, भागीदारी और न्याय के लिए प्रतिबद्ध है तथा पिछड़े वर्गों की इस मांग को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करेगी।
कांग्रेस नेताओं ने राष्ट्रपति महोदया से आग्रह किया कि जनगणना 2027 के प्रपत्र में ओबीसी वर्ग का कॉलम जोड़ने तथा प्रमाणित जाति सूची उपलब्ध कराने के संबंध में केंद्र सरकार को आवश्यक निर्देश दिए जाएं। जिससे पिछड़े वर्गों की वास्तविक संख्या और उनकी आवश्यकताओं का पता चलने पर ही सरकार उनके लिए प्रभावी नीतियां बना सकती है। उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की कि जनगणना 2027 में ओबीसी का अलग कॉलम जोड़ने की मांग को स्वीकार किया जाए।
जिसमें प्रमुख रूप से हामिद अली चंद्रिका सिंह महबूब निशा सुमन चौबे राशिद उषाचतुर्वेदी शबीहूल हसन रईस अहमद ताहिर अब्बासी कुंदन खरवार संतोष कुशवाहा प्रमोद कुशवाहा आदिल लोग उपस्थित रहे ।







