
तिरंगा देश आन, बान व शान : अविनाश

G R News network editor in chief ved Parkash Srivastava
दिलदारनगर (गाजीपुर)। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शुक्रवार को दिलदारनगर नगर पंचायत की ओर से ‘हर घर तिरंगा’ यात्रा का भव्य आयोजन किया गया। नगर पंचायत अध्यक्ष अविनाश जायसवाल के नेतृत्व में सुबह करीब नौ बजे रामलीला मैदान से तिरंगा यात्रा शुरू हुई।
हाथों में तिरंगा लिए हजारों छात्र-छात्राओं, युवाओं और नगरवासियों ने उत्साहपूर्वक यात्रा में भाग लिया। यात्रा नगर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होते हुए निर्धारित स्थल पर पहुंचकर संपन्न हुई।
तिरंगा यात्रा में नगर क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। यात्रा में छात्राओं का एक दल 100 फीट लंबे तिरंगे को लेकर सबसे आगे चल रहा था। उनके पीछे बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारों के साथ आगे बढ़ रहे थे। ‘भारत माता की जय’, ‘जय हिंद’ जैसे नारों से पूरा नगर गूंज उठा। तिरंगा यात्रा के दौरान नगर का माहौल पूरी तरह देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।
यात्रा को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह अलर्ट रहा। दिलदारनगर थाना प्रभारी योगेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ यात्रा में शामिल रहे और सुरक्षा व्यवस्था पर नजर बनाए रखी। रास्ते में पुलिसकर्मियों की तैनाती के साथ यातायात व्यवस्था को भी व्यवस्थित रखा गया।
नगर पंचायत अध्यक्ष अविनाश जायसवाल ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ यात्रा का उद्देश्य लोगों में राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करना और स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर तिरंगे के प्रति सम्मान एवं गौरव की भावना को बढ़ाना है। उन्होंने नगरवासियों से स्वतंत्रता दिवस को उत्साह और एकजुटता के साथ मनाने की अपील की।
इस अवसर पर सेवराई तहसीलदार पंकज, सत्यनारायण वर्मा, सभासद इमरान खान, मंटू सभासद, शुभम श्रीवास्तव, अजय यादव, लछमण शर्मा, भगवान शाह, एसबीएम प्रभारी गौतम सहित नगर पंचायत के कर्मचारी, विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में नगरवासी मौजूद रहे।








