
विश्व पर्यावरण दिवस पर राष्ट्रीय पत्रकार परिषद की अनूठी पहल, अफीम फैक्ट्री परिसर में हुआ भव्य पौधारोपण

*GRNews Network & Brodcast centre**अभिषेक मधुकर*
गाजीपुर। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर 5 जून को राष्ट्रीय पत्रकार परिषद द्वारा अफीम एवं क्षार कारखाना, गाजीपुर के प्रांगण में भव्य पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य के संकल्प के साथ आयोजित इस कार्यक्रम में फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण कर समाज को प्रकृति संरक्षण का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय पत्रकार परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेन्द्र उपाध्याय, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष आशुतोष पाण्डेय, प्रदेश अध्यक्ष सुशील चौबे, प्रदेश उपाध्यक्ष प्रियुतोष साहू तथा जिला अध्यक्ष पुनित कुमार त्रिपाठी के नेतृत्व में आम, अमरूद, जामुन, कटहल सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए। इस दौरान अफीम एवं क्षार कारखाना के प्रबंधक रजत कुमार तिवारी, प्रशासनिक अधिकारी पंकज कुमार तथा केंद्रीय विद्यालय की प्राचार्या विनीता सिंह ने भी पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अफीम एवं क्षार कारखाना के प्रबंधक रजत कुमार तिवारी ने कहा कि वृक्ष मानव जीवन के सच्चे साथी हैं। प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए और उसकी देखभाल भी करनी चाहिए। वृक्ष हमें शुद्ध वायु, छाया, फल तथा पर्यावरणीय संतुलन प्रदान करते हैं। यदि आज हम पेड़ों को बचाएंगे तो आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण दे सकेंगे।
वहीं राष्ट्रीय पत्रकार परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेन्द्र उपाध्याय ने विश्व पर्यावरण दिवस पर अपना संदेश देते हुए कहा कि ऑक्सीजन जीवन का सबसे महत्वपूर्ण आधार है और वृक्ष ही इसके प्रमुख स्रोत हैं। बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए प्रत्येक नागरिक को कम से कम एक पेड़ अवश्य लगाना चाहिए। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के हर व्यक्ति का नैतिक दायित्व है।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में राष्ट्रीय पत्रकार परिषद गाजीपुर के जिला उपाध्यक्ष कमलेश कुमार एवं जिला प्रवक्ता संतोष पाण्डेय की विशेष भूमिका रही। दोनों पदाधिकारियों के कुशल नेतृत्व, बेहतर समन्वय एवं संगठनात्मक क्षमता के चलते कार्यक्रम अत्यंत व्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। उपस्थित अतिथियों ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए इसे पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक प्रेरणादायक पहल बताया।
इस अवसर पर सभी उपस्थित लोगों ने एक-एक पौधा लगाकर उसके संरक्षण का संकल्प लिया तथा अधिक से अधिक वृक्षारोपण कर पर्यावरण को सुरक्षित रखने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष कमलेश कुमार, जिला प्रवक्ता संतोष पाण्डेय, जिला महासचिव राम प्रवेश शर्मा, सदर तहसील अध्यक्ष, नगर सचिव सत्यप्रकाश तिवारी सहित राष्ट्रीय पत्रकार परिषद के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
विश्व पर्यावरण दिवस पर राष्ट्रीय पत्रकार परिषद की यह पहल न केवल पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने में सफल रही, बल्कि समाज को प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का एहसास कराने का भी महत्वपूर्ण माध्यम बनी।







