
*प्रधानमंत्री द्वारा देशवासियों से पेट्रोलियम पदार्थ की बचत एवं ऊर्जा संरक्षण की आवाहन के अनुपालन में जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला प्रेस वार्ता के माध्यम से पेट्रोलियम पदार्थों की बचत एवं ऊर्जा का संरक्षण की जनपद वासियों से की अपील*

*GRNews Network Brodcast centre editor in chief ved Parkash Srivastava
गाजीपुर 15 मई, 2026 (सू0वि0) – जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने आज कलेक्ट्रेट सभागार (रायफल क्लब) मे प्रेस प्रतिनिधियों संग प्रेसवार्ता के दौरान जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि माननीय प्रधानमंत्री जी द्वारा देशवासियों से पेट्रोलियम पदार्थों की बचत एवं ऊर्जा संरक्षण के संबंध में किए गए आह्वान के क्रम में जनपद प्रशासन की ओर से आप सभी नागरिकों से विनम्र अपील की जाती है कि पेट्रोल, डीज़ल एवं अन्य ईंधनों का उपयोग अत्यंत आवश्यक कार्यों तक सीमित रखते हुए इनके संरक्षण में सक्रिय सहभागिता निभाएँ।
पेट्रोलियम पदार्थ हमारे देश की अमूल्य संपत्ति हैं। इनकी अत्यधिक एवं अनावश्यक खपत से एक ओर राष्ट्रीय अर्थव्यवस्था पर अतिरिक्त भार पड़ता है, वहीं दूसरी ओर पर्यावरण प्रदूषण एवं जलवायु परिवर्तन जैसी गंभीर समस्याएँ भी उत्पन्न होती हैं। वर्तमान समय में ऊर्जा संरक्षण केवल एक विकल्प नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की नैतिक एवं राष्ट्रीय जिम्मेदारी बन चुकी है। जनपद प्रशासन आप सभी से अनुरोध करता है कि दैनिक जीवन में कुछ सरल एवं व्यवहारिक उपाय अपनाकर ईंधन की बचत में योगदान दें-
उन्होने कहा कि छोटी दूरी की यात्रा हेतु पैदल चलने अथवा साइकिल का प्रयोग करें। कार्यालय, विद्यालय अथवा अन्य स्थानों पर जाने के लिए सार्वजनिक परिवहन एवं कार पूलिंग को प्राथमिकता दें। अनावश्यक वाहन संचालन से बचें तथा एक ही यात्रा में अधिकतम कार्य पूर्ण करने का प्रयास करें। ट्रैफिक सिग्नल अथवा लंबे समय तक रुकने की स्थिति में वाहन का इंजन बंद रखें। वाहन की समय-समय पर सर्विस एवं टायरों में उचित वायु दबाव बनाए रखें, जिससे ईंधन की खपत कम हो। युवाओं एवं बच्चों को भी ऊर्जा संरक्षण के प्रति जागरूक करें ताकि यह अभियान जन-जन तक पहुँच सके। सरकारी कार्यालयों, संस्थानों एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में भी ऊर्जा एवं ईंधन बचत के उपायों को प्रभावी रूप से लागू किया जाए। यह स्मरण रखना आवश्यक है कि ईंधन की बचत केवल व्यक्तिगत लाभ का विषय नहीं है, बल्कि यह राष्ट्रहित, पर्यावरण संरक्षण एवं भावी पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य से जुड़ा हुआ है। यदि जनपद का प्रत्येक नागरिक प्रतिदिन थोड़ा-सा भी ईंधन बचाने का संकल्प ले, तो सामूहिक रूप से यह एक बड़ी राष्ट्रीय उपलब्धि सिद्ध होगी। आइए, हम सभी मिलकर ऊर्जा संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप प्रदान करें तथा एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में देश के विकास एवं पर्यावरण सुरक्षा में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें। उन्होने जनपदवासियों से अपेक्षा की कि इस जनहितकारी अभियान में पूर्ण सहयोग प्रदान करेंगे।
………………………………








