
*ऑपरेशन मुस्कान अभियान के अंतर्गत जी आर पी दिलदारनगर ने गुमशुदा 14 वर्षीय रीता को परिजनों को सौंपा

*GRNews Network Brodcast center editor in chief ved Parkash Srivastava
दिलदारनगर (गाजीपुर): रेलवे सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे “ऑपरेशन मुस्कान” अभियान के तहत जीआरपी दिलदारनगर पुलिस को उल्लेखनीय सफलता मिली है। गश्त और सघन चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने एक गुमशुदा नाबालिग लड़की को सुरक्षित बरामद कर उसके परिजनों को सौंप दिया।
प्रभारी निरीक्षक जीआरपी डीडीयू सुनील कुमार सिंह के निर्देशन में दिलदारनगर जीआरपी चौकी प्रभारी अश्विनी कुमार पटेल अपनी टीम के साथ रेलवे स्टेशन दिलदारनगर के प्लेटफॉर्म पर नियमित गश्त और जांच अभियान चला रहे थे। इसी दौरान पुलिसकर्मियों की नजर एक रोती हुई नाबालिग लड़की पर पड़ी।
पुलिस द्वारा पूछताछ करने पर लड़की ने अपना नाम रीता कुमारी उर्फ पिंकी (लगभग 14 वर्ष), पुत्री अर्जुन कुमार यादव, निवासी खेदलपुरा, थाना बिहटा (बिहार) बताया। उसने बताया कि वह पारिवारिक नाराजगी के चलते घर से निकल आई थी।
स्थिति की गंभीरता को समझते हुए जीआरपी टीम ने बच्ची को समझाकर शांत किया और तत्परता दिखाते हुए उसके परिजनों से दूरभाष के माध्यम से संपर्क स्थापित किया। सूचना मिलते ही परिजन तत्काल जीआरपी चौकी दिलदारनगर पहुंचे। आवश्यक पहचान और सत्यापन प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस ने नियमानुसार लड़की को उसके पिता अर्जुन कुमार यादव, भाई बिड्डू कुमार और चाचा के सुपुर्द कर दिया।
बेटी को सकुशल पाकर परिजनों ने राहत की सांस ली और जीआरपी दिलदारनगर पुलिस टीम के प्रति आभार व्यक्त किया। इस कार्रवाई से “ऑपरेशन मुस्कान” अभियान की प्रभावशीलता एक बार फिर साबित हुई है, जो गुमशुदा बच्चों की तलाश और उनकी सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।








