*प्रयागराज: 1.45 करोड़ की स्मैक के साथ 3 तस्कर गिरफ्तार, मास्टरमाइंड महिला “बिल्ली” फरार**

GRnews network Brodcast center editor in chief Ved prakash Srivastava
प्रयागराज। नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। नारकोटिक्स टास्क फोर्स और धूमनगंज थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में तीन शातिर तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 1.45 करोड़ रुपये की स्मैक बरामद की गई है। इस पूरे नेटवर्क की कमान एक रहस्यमयी महिला के हाथ में बताई जा रही है, जिसे गिरोह के सदस्य ‘बिल्ली’ कोड नाम से पुकारते थे और जो फिलहाल पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।डीसीपी कुलदीप गुनावत के अनुसार, मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने नेहरू पार्क के खंडहर में छापा मारकर दीपक कुमार, आशीष कुमार और विवेक कुमार को दबोच लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से 727 ग्राम स्मैक के 6 पैकेट बरामद हुए, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 1.45 करोड़ रुपये आंकी गई है। यह इस क्षेत्र में हाल के समय की बड़ी बरामदगी मानी जा रही है।गिरफ्तारी के दौरान आरोपियों ने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया। इनके पास से 4 मोबाइल फोन, 4940 रुपये नकद और एक अवैध 315 बोर तमंचा व दो जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए हैं। पूछताछ में आरोपियों ने अपने अपराध कबूल कर लिए हैं और उनके खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज होने की बात सामने आई है।
इस कार्रवाई से पुलिस को नशा तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का सुराग मिला है, जिसकी जड़ें प्रयागराज और आसपास के जिलों तक फैली हो सकती हैं। फिलहाल पुलिस की सबसे बड़ी चुनौती इस गिरोह की मास्टरमाइंड ‘बिल्ली’ को गिरफ्तार करना है, जो पर्दे के पीछे से पूरे नेटवर्क को संचालित कर रही थी।
इस बड़ी कामयाबी के लिए संयुक्त पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का नकद पुरस्कार भी दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि महिला सरगना की गिरफ्तारी के बाद इस पूरे ड्रग रैकेट का पूरी तरह से खुलासा हो सकेगा और क्षेत्र में नशे के कारोबार पर बड़ी चोट है।
















