
*गहमर ट्रिपल मर्डर का शातिर अपराधी ओम सिंह पुलिस मुठभेड़ में घायल गिरफ्तार**

GRNews Network editor in chief ved Parkash Srivastava
गाजीपुर। कोतवाली गहमर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ट्रिपल मर्डर में वांछित चल रहे शातिर को पुलिस मुठभेड़ में घायल कर गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान अभियुक्त ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की, जिस पर पुलिस ने आत्मरक्षार्थ संतुलित जवाबी फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में अभियुक्त के बाएँ पैर में गोली लगी और वह मौके पर ही धर दबोचा गया।
प्रभारी निरीक्षक गहमर प्रमोद कुमार सिंह एवं चौकी प्रभारी सेवराई पुलिस बल के साथ रात्रि गश्त पर थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि गहमर ट्रिपल मर्डर में वांछित अभियुक्त थाना क्षेत्र में मौजूद है और फरार होने की फिराक में है। सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर मठिया घाट के पास दबिश दी। सामने से आते अभियुक्त ने पुलिस को देखते ही फायर झोंक दिया। पुलिस की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया।
पुलिस की जवाबी फायरिंग में अभियुक्त घायल हुआ। तत्परता दिखाते हुए पुलिस ने मानवीय दृष्टिकोण अपनाया और घायल अभियुक्त को तत्काल सीएचसी भदौरा, गाजीपुर में उपचार हेतु भर्ती कराया। मुठभेड़ व बरामदगी के संबंध में अभियोग पंजीकृत कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। घायल गिरफ्तार अभियुक्त ओम सिंह (19) पुत्र सुनील सिंह, निवासी ग्राम गहमर पट्टी खेलूराय, थाना गहमर, जनपद गाजीपुर है। गिरफ्तार अभियुक्त के कब्जे से एक अवैध देशी तमंचा .315 बोर, एक खोखा कारतूस .315 बोर बरामद किया गया। शातिर के विरुद्ध थाना गहमर में बीएनएस व आर्म्स एक्ट के तहत आधा दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें मारपीट, बलवा, जानलेवा हमला तथा अवैध हथियार रखने जैसे गंभीर अपराध शामिल हैं।







