
*सर्वदलीय बैठक में रक्षा मंत्री की पुष्टि, विपक्ष ने दिया सरकार को पूरा समर्थन*

GRNews Network /Brodcost centre
नई दिल्ली, देश के भीतर और बाहर सुरक्षा चुनौतियों के बीच आज संसद भवन के एनेक्सी में बुलाई गई सर्वदलीय बैठक कई मायनों में अहम रही। बैठक में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने यह साफ किया कि पाकिस्तान के आतंकी ढांचों के खिलाफ शुरू हुआ ‘ऑपरेशन सिंदूर’ अभी जारी है। उन्होंने बताया कि 7 मई को पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में नौ आतंकी ठिकानों पर हुई एयर स्ट्राइक के बाद भी कार्रवाई जारी है और सुरक्षा बलों को पूरी छूट दी गई है। बैठक के बाद संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने भी इस बात की पुष्टि की।
करीब डेढ़ घंटे तक चली इस अहम बैठक में गृहमंत्री अमित शाह, विदेश मंत्री एस जयशंकर, कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे, विपक्ष के नेता राहुल गांधी, AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी समेत कई दलों के वरिष्ठ नेता मौजूद थे।
बैठक की शुरुआत से पहले कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी की मांग की थी। मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा, “ऐसे संकट के समय में प्रधानमंत्री का खुद मौजूद रहना ज़रूरी होता है। निर्णय लेना उन्हीं के हाथ में है, सुनना और बताना अलग बात होती है।” हालांकि, सरकार की ओर से मंत्रियों ने आश्वासन दिया कि बैठक में हुई बातों को प्रधानमंत्री तक पहुंचाया जाएगा।

















